Palamu (Jharkhand) : त्योहारों के मद्देनजर पलामू की पंडवा पुलिस ने जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार रात को 3 नंबर रजहरा कोलियरी में एक बरगद के पेड़ के पास से छह जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। इन सभी को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से यह सूचना मिल रही थी कि कुछ असामाजिक तत्व भोले-भाले लोगों को जुआ खेलने के लिए उकसा रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे करीब 12-15 लोग भाग निकले, लेकिन छह लोगों को मौके पर ही धर दबोचा गया।
पकड़े गए जुआरी और बरामद सामान
गिरफ्तार किए गए जुआरियों की पहचान विनय पासवान (40), रंजीत चौहान (38), दिलीप चौहान (48), देव कुमार सिंह (58), संजय नोनीया (38) और सुनील कुमार महतो (35) के रूप में हुई है। ये सभी पंडवा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
17,050 रुपए बरामद
पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से ताश की गड्डी, एक बड़ा तिरपाल, ₹17,050 नकद, दो मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़े गए जुआरियों ने पुलिस को बताया कि रजहरा कोलियरी निवासी अजय भुइयां उन्हें जुआ खेलने के लिए सामान उपलब्ध कराता है। पुलिस अब अजय भुइयां की तलाश कर रही है।

