Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कानू भट्टा स्थित इमली पेड़ के पास मंगलवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात हुई। जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस गोलीबारी में भुइयांडीह कल्याणनगर निवासी दीपक कुमार धीबर गंभीर रूप से घायल हो गया है।
युवक के सीने में लगी गोली, आरोपी समेत अन्य फरार
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब चार बजे कुछ युवक इमली पेड़ के पास बैठकर जुआ खेल रहे थे। खेल के दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते तीखी बहस और झगड़े में बदल गई। उसी दौरान वहां मौजूद युवकों में से एक ने अचानक पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली सीधे दीपक कुमार धीबर के सीने में जा लगी। गोली लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। फायरिंग के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और मौजूद अन्य युवक जान बचाकर भाग निकले।
गंभीर हालत में RIMS रेफर
स्थानीय लोगों की मदद से घायल दीपक कुमार धीबर को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची के रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की पुष्टि करते हुए सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र राम ने बताया कि घायल के परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसे अस्पताल ले गए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फायरिंग में शामिल आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इलाके में जुए और आपराधिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
Read Also:जमशेदपुर में स्क्रैप टाल में लगी भीषण आग: 5 लाख से अधिक की संपत्ति जलकर खाक

