Hazaribagh (Jharkhand) : झारखंड के हजारीबाग जिले के दीपूगढ़ा क्षेत्र में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से एक ही इमारत में स्थित दो व्यवसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग की लपटों में कपड़े की दुकान और प्रसिद्ध पार्क व्यू रेस्टोरेंट एंड बैंक्वेट हॉल पूरी तरह से नष्ट हो गए। इस अग्निकांड में अनुमानित तौर पर लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है।
रेस्टोरेंट संचालक विकास यादव और कपड़ा दुकान मालिक अजीत कुमार मेहता के अनुसार, इस हादसे में उन्हें करीब 80 से 90 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में दोनों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटें पास की मेडिकल शॉप तक भी पहुंचीं, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और दमकल विभाग की तत्परता से वहाँ बड़ा नुकसान टल गया।
चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
घटना के समय रेस्टोरेंट मालिक विकास यादव इमारत के निचले हिस्से में सो रहे थे। उन्होंने धुआं देखकर बाहर निकलने पर देखा कि पूरी दुकान आग की चपेट में है। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को सतर्क किया और हजारीबाग फायर ब्रिगेड टीम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुँची। दमकलकर्मियों ने तीन से चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि दमकलकर्मियों ने रेस्टोरेंट में रखे गैस सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकालकर एक बड़ी और जानलेवा दुर्घटना होने से बचा लिया। आधिकारिक तौर पर आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस की प्रारंभिक जाँच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया था, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।

