Home » Jamshedpur Firing : आजादनगर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, फायरिंग से दहशत, एक युवक घायल

Jamshedpur Firing : आजादनगर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, फायरिंग से दहशत, एक युवक घायल

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur Firing Incident
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित रोड नंबर-3 में सोमवार को दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना के दौरान फायरिंग होने की चर्चा भी पूरे इलाके में फैल गई, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

गौरतलब है कि इस घटना में एक युवक घायल हो गया। घायल की पहचान 31 वर्षीय गुलाम मो. खान के रूप में हुई है, जो ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-17 का निवासी बताया जा रहा है। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि उसे गोली लगने की सूचना है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और काफी देर तक इलाके में हंगामा होता रहा। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही दोनों पक्षों से जुड़े लोगों एवं स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है।

फायरिंग की चर्चाओं को देखते हुए पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की वास्तविकता सामने लाई जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सही तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी।

फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और हालात सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार नजर रख रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Read Also: Jamshedpur Murder Case: मौसेरे भाई की हत्या का बदला लेने के लिए मानगो में हुई थी विकास की हत्या, दो हत्यारोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Comment