Jamshedpur (Jharkhand) : राज्य के कबीना मंत्री दीपक बिरुआ को फरार बता कर चाईबासा के आदिवासी संगठनों के घाटशिला पहुंचने के बाद मंत्री दीपक बिरुआ ने पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा नेता चंपाई सोरेन पर निशाना साधा है। चंपाई सोरेन पर तीखा प्रहार करते हुए दीपक बिरुआ ने अफसोस जाहिर किया है। अपने ‘एक्स’ हैंडल के माध्यम से उन्होंने कहा है कि चंपाई सोरेन की व्याकुलता व व्यथा बता रही है कि वे खुद की जमीर को मार कर अब सिर्फ पद और पुत्र के लिए राजनीतिक अस्तित्व की ओर बढ़ रहे हैं।
पूरा झारखंड जानता है मजबूरी
दीपक बिरुआ ने एक्स के माध्यम से चंपाई सोरेन का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा है कि उनकी मजबूरी सिर्फ झामुमो (JMM) ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य की जनता जानती है। इस क्रम में बिरुआ ने चंपाई सोरेन को सदैव सम्मानीय बताता हुए मौकापरस्त की भी संज्ञा दी है। साथ ही कहा है, “आपको अनुकम्पा पर नहीं बहुत अरमानों से मुख्यमंत्री बनाया गया था, लेकिन आप उस मर्यादा का पालन नहीं कर सके।”
“बहुत बड़ी हार, कर रही बाबूलाल का इंतजार”
अपने एक्स हैंडल पर स्व. रामदास सोरेन की चिट्ठी कुछ पुरानी तस्वीरों को साझा करते हुए मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा है, “रही बात घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की तो आपको स्पष्ट बता दूं-बहुत बड़ी हार बाबूलाल का कर रही है इंतजार।” इस क्रम में बिरुआ ने कहा है कि राज्य के तीन पूर्व भाजपाई मुख्यमंत्री कोल्हान के अपने राजनीतिक पारी के आखिरी पायदान पर बेसब्री से आपकी राह देख रहे है, जो 14 नवंबर को स्वतः चरितार्थ हो जाएगा। यह एक्स संदेश उ्होंने चंपाई सोरेन के अलावा झामुमो प्रमुख व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी को भी टैग किया है।
क्यों साधा निशाना
बता दें कि हाल ही में पश्चिमी सिंहहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में नो एंट्री को लेकर मंत्री दीपक बिरुआ का आवास घेराव करने जा रहे आदिवासी संगठनों के लोगों को स्थानीय तांबो चौक पर रोक दिया गया था। उसके बाद रात में लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़े जाने तथा आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी हुई। तब चंपाई सोरेन आंदोलनकारियों के समर्थन में आए और आंदोलन तेज करने की रणनीति के तहत मंत्री दीपक बिरुआ को फरार बताया गया। साथ ही मंत्री बिरुआ को खोजने के लिए घाटशिला जाने का निर्णय लिया गया था। इसके अनुसार चाईबासा से आदिवासी संगठनों के लोग विगत गुरुवार को “मंत्री लापता” लिखा बैनर-पोस्टर लेकर मंत्री दीपक बिरुआ को ढूंढ़ते हुए घाटशिला पहुंचे थे। संवतः इसे ही भाजपा प्रायोजित मानते हुए मंत्री दीपक बिरुआ ने चंपाई सोरेन को निशाना बनाते हुए एक्स पर यह पोस्ट किया है।

