Hazaribag (Jharkhand) : झारखंड के हजारीबाग जिले की मुफ्फसिल थाना पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर लगभग 42.5 लाख रुपये की अफीम साथ ही चार तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय अमित आंनद ने रविवार को प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित कत्था फैक्ट्री के पास टोयोटा शो रूम के सामने कुछ तस्कर अफीम की खरीद-बिक्री करने वाले हैं।
अफीम के साथ अन्य सामग्री बरामद
इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया। छापेमारी टीम मौके पर पहुंची, तो चारों तस्कर पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर चारों आरोपियों के पास से 8.2 किलोग्राम अफीम, चार मोबाइल फोन और एक पिकअप वाहन बरामद किया गया। बरामद अफीम की कीमत करीब 42.5 लाख रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सचिन कुमार, राकेश कुमार, ननकू ठाकुर और अजीत दांगी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे अफीम को चतरा से हरियाणा ले जा रहे थे। मामले में मुफ्फसिल थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक शुभ्रज्योति, थाना प्रभारी रोशन कुमार सहित सशस्त्र बल एवं तकनीकी शाखा के जवान शामिल थे।

