Home » Ghatshila By-Election : GPS ट्रैकिंग सिस्टम से लैस वाहनों में मतदान दल घाटशिला रवाना, कंट्रोल रूम से होगी रियल टाइम निगरानी

Ghatshila By-Election : GPS ट्रैकिंग सिस्टम से लैस वाहनों में मतदान दल घाटशिला रवाना, कंट्रोल रूम से होगी रियल टाइम निगरानी

by Mujtaba Haider Rizvi
Ghatshila By-election
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार को जमशेदपुर स्थित को-ऑपरेटिव कॉलेज में बनाए गए डिस्पैच सेंटर से मतदान दलों को जरूरी मतदान सामग्री और दस्तावेजों के साथ उनके मतदान केंद्रों के लिए भेजा गया। 300 पोलिंग पार्टियां रवाना हुई हैं।

मतदान दलों की गतिविधियों की निगरानी के लिए प्रशासन ने सभी वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगाया है। इससे जिला नियंत्रण कक्ष में रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी और मतदान दलों की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।

डिस्पैच स्थल पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान कर्मियों से बात करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश का पूरी सख्ती से पालन किया जाए और मतदान शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराया जाए।

डिस्पैच स्थल पर सामान्य प्रेक्षक राखी विश्वास भी मौजूद थीं। उन्होंने माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर पदाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा, मतदान केंद्रों की सुगम पहुंच और मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सेक्टर पदाधिकारी लगातार फील्ड में सक्रिय रहेंगे और किसी भी शिकायत या गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत जिले के कंट्रोल रूम को सूचना देंगे। साथ ही मतदान सामग्री की समय पर वापसी के लिए भी उचित व्यवस्था की गई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा कि संवेदनशील और अति-संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। साथ ही जिला और अनुमंडल स्तरीय क्विक रिस्पॉन्स टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी और प्रशासन भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करेगा। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि हर मतदाता बिना किसी दबाव या डर के अपना मतदान कर सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया गरिमा के साथ पूरी हो।

Read Also- Ghatshila By-Election : जमशेदपुर में 10–11 नवंबर को भारी वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध, रहेगी नो एंट्री

Related Articles