Home » Harmu Elevated Road : तीसरी बार टेंडर की राह पर हरमू एलिवेटेड रोड, 326 करोड़ से बनेगा फोरलेन कॉरिडोर

Harmu Elevated Road : तीसरी बार टेंडर की राह पर हरमू एलिवेटेड रोड, 326 करोड़ से बनेगा फोरलेन कॉरिडोर

सहजानंद चौक से जज कॉलोनी तक करीब तीन किमी लंबी एलिवेटेड सड़क 730 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य

by Nikhil Kumar
ranchi neews
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड की राजधानी रांची के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल हरमू-बाइपास को जाम से राहत दिलाने के लिए प्रस्तावित सहजानंद चौक से जज कॉलोनी तक फोरलेन एलिवेटेड रोड का टेंडर एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड ने 7 अगस्त 2026 को जारी कॉरिजेंडम-3 में निविदा की समयसीमा एक सप्ताह बढ़ाई है। अब इच्छुक एजेंसियां 17 अगस्त 2026 तक निविदा जमा कर सकेंगी। तकनीकी बिड 18 अगस्त 2026 को खोली जाएगी। इससे पहले बिड जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026और तकनीकी बिड खोलने की तारीख 11 अगस्त 2026 निर्धारित थी।

326 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत

परियोजना की वर्तमान निविदा में एलिवेटेड रोड की अनुमानित लागत 326.61 करोड़ रुपये रखी गई है। करीब तीन किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर को चार लेन का बनाया जाना है। निर्माण पूरा करने के लिए लगभग 730 दिन यानी दो साल का समय निर्धारित किया गया है।

सहजानंद चौक से जज कॉलोनी तक बनेगा कॉरिडोर

प्रस्तावित एलिवेटेड रोड सहजानंद चौक के पास से शुरू होकर हरमू बाइपास के व्यस्त हिस्से से होते हुए जज कॉलोनी तक पहुंचेगा। सड़क को ऊंचाई पर बनाने के लिए पिलर खड़े किए जाएंगे और उनके ऊपर गर्डर व सड़क का डेक तैयार किया जाएगा। इससे मुख्य यातायात को ऊपर से निर्बाध आवागमन का रास्ता मिलेगा, जबकि नीचे की सड़क का इस्तेमाल स्थानीय यातायात के लिए किया जा सकेगा।

पहले भी हो चुकी है टेंडर प्रक्रिया

इस परियोजना के लिए पहले भी निविदा प्रक्रिया की जा चुकी है, लेकिन तकनीकी और अन्य कारणों से काम जमीन पर नहीं उतर सका। अब तीसरी बार निविदा प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। स्टेट हाईवे अथॉरिटी ने स्पष्ट किया है कि कॉरिजेंडम में दी गई समयसीमा के अलावा निविदा की बाकी नियम एवं शर्तें यथावत रहेंगी।

जाम से राहत की बड़ी उम्मीद

हरमू बाइपास राजधानी के प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कॉरिडोर है। सहजानंद चौक, हरमू और जज कॉलोनी के बीच लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण पीक आवर में जाम की स्थिति बन जाती है। एलिवेटेड रोड बनने के बाद लंबी दूरी के यातायात को ऊपर से रास्ता मिल जाएगा। इससे नीचे की सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा और शहर के इस महत्वपूर्ण हिस्से में यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।

Read Also- Chatra Crime : चतरा में ज्वेलरी दुकानदार पर हमला, दुकान बंद कर घर लौट रहे कारोबारी को अपराधियों ने घेरा, शेरघाटी अस्पताल में भर्ती

Related Articles

Leave a Comment