Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड के जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में हिंदू बस्ती स्थित रेडीमेड कपड़े की एक दुकान में भीषण आग लग गई। इससे पूरी दुकान जलकर राख हो गई। यह घटना सोमवार देर रात की बताई जाती है। हॉलसेल दुकान में आग लगने से बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि अगलगी से दुकानदार को करीब 25 लाख रुपए तक का नुकसान हुआ है।
दुकानदार को सुबह मिली जानकारी
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान का पूरा सामान यानी उसमें रखे कपड़े, फर्नीचर, कैश काउंटर और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गया। मंगलवार की सुबह जब लोगों ने दुकान से धुआं उठते देखा तो तुरंत दुकानदार को सूचना दी, लेकिन तब तक सब कुछ नष्ट हो चुका था।
शार्ट सर्किट की संभावना
दुकानदार ने बताया कि आग में लगभग 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के कारण को लेकर उन्होंने कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा। उन्होंने केवल इतना बताया कि घटना की जानकारी थाना को दे दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट से लगी होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि आग लगने की असली वजह अब तक सामने नहीं आई है।

