
Jamshedpur : जमशेदपुर को अतिक्रमण मुक्त और सुगम यातायात वाला शहर बनाने के लिए जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी ने सोमवार को साकची की स्ट्रेट माइल रोड पर व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने फुटपाथों पर कब्जा जमाए स्टॉल, रेहड़ी-पटरी और अस्थायी ढांचे हटाए। सड़क किनारे रखे अवैध डिस्प्ले आइटम भी जब्त किए गए और दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान कोटपा ऐक्ट का उल्लंघन करने पर कई लोगों का चालान किया गया। वहीं प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ पॉलिथीन इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई करते हुए पॉलिथीन जब्त की गई। कुल ₹22,800 का जुर्माना वसूला गया।
उधर, जेएनएसी की बिल्डिंग टीम ने बिष्टुपुर और सोनारी इलाके में निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। कई जगहों पर नक्शा विचलन पाया गया। इसमें सुधार कर निर्माण को नियमों के अनुरूप करने का निर्देश दिया गया।
उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और नियमबद्ध बनाने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। उन्होंने नागरिकों और व्यवसायियों से सहयोग की अपील की।
Read Also: JHARKHAND BJP NEWS: बाबूलाल मरांडी ने फिर घेरा झारखंड सरकार को, लगाया ये गंभीर आरोप

