Jamshedpur : आजादनगर थाना अंतर्गत रांची-टाटा नेशनल हाईवे-33 पर पारडीह में सिटी इन होटल के पास एक ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में 30 वर्षीय मूकबधिर युवती के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी अमित कुमार को जेल भेज दिया है। पीड़ित युवती के परिजनों ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ कर सोमवार को पुलिस को सौंपा था।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। मंगलवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में कोर्ट में सुबूत पेश करेगी और आरोपी को सजा दिलवाएगी। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को बताया है कि युवती मूकबधिर है। आरोपी अमित कुमार उक्त ट्रांसपोर्ट कंपनी परिसर में देखरेख का काम करता है। युवती रोजमर्रा के काम के तहत वहां पानी भरने और गोबर लाने जाया करती थी। घटना वाले दिन सोमवार को भी वह गोबर लाने गई थी, लेकिन देर तक घर नहीं लौटी।
काफी खोजबीन के बाद परिजन जब कंपनी परिसर पहुंचे, तो उन्होंने आरोपी को युवती के साथ जबरदस्ती करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने युवती का मुंह दबा रखा था। इस दौरान आरोपी और परिजनों के बीच हाथापाई भी हुई। इसमें आरोपी अमित कुमार घायल भी हुआ है। इसके बाद आरोपी को आजादनगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
सिटी एसपी ने बताया कि जो कोई भी किसी भी आपराधिक घटना को अंजाम देगा उसे कतई बख्शा नहीं जाएगा। गौरतलब है कि इन दिनों जमशेदपुर में अपराध का ग्राफ बढ़ा हुआ है। आए दिन चोरी की घटनाएं अंजाम दी जा रही हैं। पुलिस भी अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए रोज बदमाशों की गिरफ्तारी कर रही है। मगर, अपराध का ग्राफ नीचे नहीं आ रहा है।

