चतरा : झारखंड के धनबाद का गैंगस्टर इन दिनों दुबई में बैठा है, लेकिन वहीं से यहां न केवल गैंग चला रहा है, बल्कि बड़े कारोबारियों को फोन पर धमका कर रंगदारी भी वसूल रहा है। ताजा मामला चतरा के चर्चित कारोबारी प्रेम सिंह से जुड़ा है, जो लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कद्दावर नेता भी हैं।
पूर्व मुखिया और क्रशर व्यवसायी प्रेमचंद उर्फ प्रेम सिंह को प्रिंस खान ने जान से मार देने की धमकी देते हुए 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। बताया जा रहा है कि प्रेम सिंह के वाट्सएप पर अज्ञात नंबर से एक ऑडियो क्लिप भेजा गया है, जिसमें दो करोड़ रुपये मांगे गए हैं।

इस ऑडियो क्लिप में दो करोड़ रुपये नहीं देने पर खोपड़ी खोल देने, यानी हत्या की धमकी दी गई है। प्रेम सिंह के अनुसार, धमकी देने वाले शख्स ने खुद को गैंगस्टर प्रिंस खान बताते हुए दुबई से कॉल करने की बात कही है। वाट्सएप पर ऑडियो क्लिप भेजने के साथ-साथ वाट्सएप से ही कॉल कर धमकी दी गई है कि तुम्हें डीसी-एसपी भी बचा नहीं पाएगा।
हालांकि, प्रेम सिंह इस धमकी से डरे नहीं। उन्होंने हंटरगंज थाना में पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पिंडरा निवासी प्रेम सिंह ने हंटरगंज थाना को वाट्सएप पर आए आडियो क्लिप और काॅल के सुबूत भी सौंप दिए हैं। उन्होंने पुलिस से इस शिकायत को गंभीरता से लेने का आग्रह करते हुए त्वरित और ठोस कार्रवाई की मांग रखी है। बताया जाता है कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

