Jamshedpur : साकची थाना क्षेत्र में जुबली पार्क गेट के सामने लगभग आधा दर्जन दुकानों में चोरी हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार को सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसापास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जिन दुकानों में चोरी हुई है उनमें अविनाश कुमार की पान की दुकान, सदन केवट की लिट्टी की दुकान, बाबू नंद की चाय दुकान, प्रदीप दास की दूध दुकान, विष्णु की पान की दुकान, राजा कुमार की मोमोज दुकान आदि हैं।
इन दुकानों से चोरों ने हजारों रुपए का सामान और नकदी पार कर दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची है जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि चोरों ने गैस कटर की मदद से दुकानों के ताले काटे गए हैं। शनिवार को जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि ताला टूटा हुआ है।
सामान बिखरा पड़ा है। एसएसपी ऑफिस से कुछ दूरी पर हुई चोरी की यह घटना बता रही है कि शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति क्या है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह एसएसपी ऑफिस के आसपास भी चोरी की घटना को अंजाम देने में नहीं झिझक रहे हैं।

