Jamshedpur : आज़ादनगर क्षेत्र में बढ़ते अवैध ज़मीन कब्ज़ा, अनैतिक गतिविधियों और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जेडीयू ने सख़्त रुख अपनाया है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के प्रतिनिधि मोहम्मद निसार अहमद के नेतृत्व में एक थाने पर प्रदर्शन हुआ। इसके बाद आज़ादनगर थाना प्रभारी चन्दन कुमार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि आज़ादनगर और आसपास के इलाकों में लगातार बढ़ रही अवैध गतिविधियों से सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है। इसका सीधा असर क्षेत्र के आम नागरिकों और खासकर युवाओं पर पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि अवैध ज़मीन कब्ज़ा करने वालों, नशे के कारोबार से जुड़े असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद निसार अहमद ने कहा कि अवैध जमीन कब्ज़ा और नशे का धंधा कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से नियमित छापेमारी, कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
आज़ादनगर थाना प्रभारी चन्दन कुमार ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए आश्वस्त किया कि पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेगी और क्षेत्र में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस प्रतिनिधिमंडल में मोहम्मद इसरार, शाहबाज, इरशाद, रेहान, सैफ, आफताब, अफसर, धर्मपाल, मुजीब, राजू मुंडा, अमित, गुलाम, शाहिद, फैयाज आलम सहित अन्य लोग शामिल थे।

