Home » गोड्डा में ECL राजमहल परियोजना के डंपिंग एरिया में दिनदहाड़े फायरिंग व आगजनी, कर्मियों में दहशत

गोड्डा में ECL राजमहल परियोजना के डंपिंग एरिया में दिनदहाड़े फायरिंग व आगजनी, कर्मियों में दहशत

by Vivek Sharma
फायरिंग
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Godda : झारखंड के गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ईसीएल (ECL) की राजमहल परियोजना में दिनदहाड़े फायरिंग और आगजनी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। ठेका संचालित कंपनी अंबे माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के लालघुटवा–लोहंडिया के मध्य स्थित डंपिंग एरिया में दो हथियारबंद अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराधियों ने पहले डोजर ऑपरेटर को जान बचाकर भागने को कहा। इसके बाद एक डोजर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया गया। इसी दौरान पास खड़े दूसरे डोजर पर एक अपराधी ने फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और सभी कर्मी अपनी जान बचाने के लिए गार्ड रूम की ओर दौड़ पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आज़ाद, ललमटिया थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह तथा बोआरीजोर थाना प्रभारी आशीष यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से पेट्रोल की बोतल, माचिस और डोजर के केबिन में फंसी गोली बरामद की है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के इलाकों में अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है। घटना के बाद से परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Related Articles