लातेहार : लातेहार पुलिस ने शुक्रवार को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बड़ी मात्रा में अवैध शराब भूसे की बोरियों में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस ने इसे जब्त करते हुए मामले में पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि सरगना पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस चंदवा थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चला रही थी। इस क्रम में भूसे की बोरियों से लदा एक ट्रक को रोका गया। इसकी जांच करने पर इसके अंदर जो मिला उससे पुलिस भी चकित रह गई। नीचे छिपाकर एक करोड़ से अधिक कीमत की अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही थी। इसे पुलिस ने बरामद कर लिया है वहीं इस अवैध धंधे में लिप्त पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि गिरोह का सरगना फरार है।
ट्रक के पीछे सुरक्षा में चल रही थीं दो छोटी गाड़ियां
डीएसपी संदीप कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची की ओर से एक ट्रक में भारी मात्रा में शराब लातेहार होकर बिहार ले जाई जा रही है। ट्रक के साथ दो छोटी गाड़ियां भी सुरक्षा के लिए आगे पीछे चल रही थीं। सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित कर चंदवा थाना क्षेत्र के सासंग मोड़ पर वाहन जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक और उसके पीछे चल रही दो गाड़ियों को रोका गया। ट्रक में ऊपर से भूसे की बोरियां लदी थीं। पुलिस को शक होने पर जब बोरियां हटाईं तो अंदर शराब की पेटियां देखकर जवान भी दंग रह गए।
शराब की कुल 1054 पेटियां बरामद
वहीं एस्कॉर्ट कर रही दोनों गाड़ियों से भी शराब बरामद की गई है। डीएसपी ने बताया कि तीनों वाहनों से कुल 1054 पेटियां बरामद हुई हैं, जिनमें 50 हजार से अधिक शराब की बोतलें थीं। पुलिस ने इस दौरान पांच तस्करों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में चंदवा निवासी सूरज कुमार और गौतम कुमार, हेरहंज निवासी छोटू कुमार यादव, हजारीबाग निवासी रामकुमार पांडेय और गिरिडीह निवासी प्रकाश कुमार रवानी शामिल हैं।
डीएसपी ने बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब हरियाणा से लाई जा रही थी और बिहार में खपाने की तैयारी थी। डीएसपी ने बताया कि गिरोह का सरगना रंजीत यादव फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Read Also: Jharkhand Crime : लातेहार व चतरा में पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई; ब्राउन शुगर के साथ छह गिरफ्तार

