Home » Indian Railway : बारिश से थमी ट्रेनों की रफ्तार; कोडरमा रेलखंड पर फिसलन से दुरंतो का इंजन फेल

Indian Railway : बारिश से थमी ट्रेनों की रफ्तार; कोडरमा रेलखंड पर फिसलन से दुरंतो का इंजन फेल

Indian Railway : रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्री-मानसून की पहली बारिश में ही रेल परिचालन ठप होने का यह पहला मामला है। इस 15 किलोमीटर लंबे घाट सेक्शन में 24 घंटे सतर्कता बरती जाती है।

by Kanchan Kumar
Duronto Express halted on Koderma rail section after engine failure due to rain
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोडरमा : नई दिल्ली-हावड़ा ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड पर शुक्रवार को तेज बारिश ने ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। गया-कोडरमा घाटी सेक्शन में पटरियों पर बढ़ी फिसलन के कारण कई ट्रेनें बीच रास्ते में रुक गईं। दुरंतो एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी का इंजन चढ़ाई के दौरान जवाब दे गया, जबकि बाढ़ स्पेशल मालगाड़ी कपलिंग टूटने से दो हिस्सों में बंट गई।

रेलवे सूत्रों के अनुसार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गया से कोडरमा की ओर आ रही दुरंतो एक्सप्रेस बसकटवा हाल्ट के पास घाटी चढ़ाई पर थी। तभी तेज बारिश के कारण ट्रेन के पहिए फिसलने लगे। ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी और उसे वहीं रोकना पड़ा। चालक ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद रेलवे ने अतिरिक्त बैंकर इंजन भेजा। पीछे से इंजन जोड़कर दुरंतो एक्सप्रेस को सुरक्षित घाटी पार कराया गया।

जबकि दुरंतो के पीछे चल रही मालगाड़ी भी फिसलन के कारण घाटी सेक्शन में फंस गई। उसे भी अतिरिक्त इंजन की मदद से आगे बढ़ाया गया। रेल परिचालन प्रभावित होने से कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। पहाड़पुर स्टेशन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस, गुरपा में अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस, टनकुप्पा में वंदे भारत एक्सप्रेस और मानपुर में झारखंड एक्सप्रेस काफी देर तक खड़ी रही।

लगभग आधे घंटे तक हुई बारिश से घाटी सेक्शन की पटरियों पर फिसलन बढ़ गई। उल्लेखनीय है कि गुरपा से कोडरमा तक का घाटी क्षेत्र तीखी चढ़ाई वाला है। ऐसे में ट्रेनों को सुरक्षित तरीके से पार कराने के लिए कई बार पीछे से बैकर इंजन लगाया जाता है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्री-मानसून की पहली बारिश में ही रेल परिचालन ठप होने का यह पहला मामला है। इस 15 किलोमीटर लंबे घाट सेक्शन में 24 घंटे सतर्कता बरती जाती है। भारी बारिश के कारण इस इलाके में पहाड़ों से चट्टान खिसकने (लैंडस्लाइड) की हमेशा संभावना बनी रहती है।

वहीं शुक्रवार को अप लाइन पर भी ट्रेन परिचालन ठप हो गया। कोडरमा स्टेशन से खुलने के बाद बाढ़ स्पेशल मालगाड़ी कोडरमा और गंझड़ी के बीच अचानक कपलिंग के टूटने से दो भागों में बंट गई। घटना के बाद से ही एक पैसेंजर ट्रेन सुबह 11.30 बजे से कोडरमा स्टेशन पर खड़ी रही और अप लाइन का यातायात भी काफी देर प्रभावित हो गया। हांलाकि इसे ठीक कर रेलवे यातायात चालू करा दिया गया है।

Read Also: Ranchi Crime : डीएसपी के खिलाफ युवती ने दर्ज कराई यौन शोषण की प्राथमिकी, शादी का झांसा देकर बढ़ाई थी नजदीकियां

Related Articles

Leave a Comment