Latehar (Jharkhand) : सदर थाना क्षेत्र के तुबेद कोलयरी के कांटा घर के पास मंगलवार रात अपराधियों ने गोलीबारी की। अपराधियों ने इस दौरान तीन राउंड गोलियां चलाई। हालांकि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, परंतु तब तक अपराधी वहां से फरार हो गए थे। डीएसपी अरविंद कुमार ने घटना की पुष्टि की है और कहा है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दूसरी ओर, सोशल मीडिया के माध्यम से राहुल दुबे गैंग ने घटना की जिम्मेदारी ली है।
कोलियरी परिसर में मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार बीती रात एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अपराधी कोलियरी के कांटा घर के पास पहुंचे और 2 से 3 फायरिंग की। उसके बाद अपराधी वहां से फरार हो गए। इधर, फायरिंग की सूचना मिलने के बाद कोलियरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने शुरू की जांच व छापेमारी
मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलने के बाद लातेहार डीएसपी अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घाटना की जानकारी ली। हालांकि, पुलिस के पहुंचने तक अपराधी वहां से फरार हो गए थे। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

