RANCHI: उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में रांची शहर और जिले में अतिक्रमण हटाने के साथ जलाशयों को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई तेजी से जारी है। इसी क्रम में उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने हटिया जलाशय (धुर्वा डैम) के आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलाशय क्षेत्र में मौजूद अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट आदेश दिया कि जलाशयों की मूल सीमा को राजस्व नक्शे के अनुसार चिह्नित किया जाए और किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को शीघ्र हटाया जाए। उन्होंने कहा कि जलाशयों पर अतिक्रमण से न केवल जल भंडारण क्षमता प्रभावित होती है, बल्कि पर्यावरण, भूजल स्तर और शहर की पारिस्थितिकी पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। जिला प्रशासन का लक्ष्य रांची के सभी प्रमुख जलाशयों, जिनमें कांके डैम, हटिया डैम, धुर्वा डैम, गेतलसूद डैम, हरमू नदी, हिनू नदी और अन्य तालाब को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त कर उनका संरक्षण व सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अंचल अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाने के आदेश दिए। अपर समाहर्ता को सभी अंचल अधिकारियों के लिए रोस्टर तैयार कर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा अवैध कब्जा न हो, इसके लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
READ ALSO: RANCHI NEWS: आरपीएफ ने किया 339 को रेस्क्यू, बच्चों और महिलाओं को तस्करों के चंगुल से कराया मुक्त

