Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट के एक आरोपी को मंगलवार को जमशेदपुर कोर्ट परिसर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मोहित कुमार सिंह के रूप में हुई है, जिसकी पुलिस कई दिनों से तलाश कर रही थी। मोहित कुमार सिंह को पुलिस मई के महीने में गिरफ्तार कर थाने लाई थी। मोहित थाने से फरार हो गया था। इसके बाद वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस बराबर उसके संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
इससे मोहित दबाव में था और वह कोर्ट में सरेंडर करना चाहता था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहित कुमार सिंह कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा पुलिस ने कोर्ट परिसर और आसपास नाकेबंदी कर दी। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी सादे लिबास में भी तैनात किए गए थे।
जैसे ही मोहित कुमार सिंह कोर्ट परिसर पहुंचा, पहले से मौजूद पुलिस टीम ने उसे घेरकर दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस जीप से सिदगोड़ा थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। इस कार्रवाई को पुलिस की सतर्कता और सटीक रणनीति का परिणाम माना जा रहा है। सिदगोड़ा थाना पुलिस ने बताया कि मोहित कुमार सिंह पर अवैध हथियार रखने का भी अरोप है। इसके अलावा, उसने एक नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की थी। इस आरोप में उसके खिलाफ सिदगोड़ा थाने में केस दर्ज किया गया था।

