Home » RANCHI DC NEWS: गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की डीसी ने की समीक्षा, समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश

RANCHI DC NEWS: गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की डीसी ने की समीक्षा, समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश

by Vivek Sharma
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: रांची में गणतंत्र दिवस समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर शनिवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन सहित प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल-1 को मैदान के समतलीकरण, बैरिकेडिंग, वाटरप्रूफ पंडाल, गैलरी, कुर्सी, मंच, साउंड सिस्टम और टावर निर्माण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं विद्युत कार्य प्रमंडल को निर्बाध बिजली आपूर्ति और साउंड प्रूफ जेनरेटर की व्यवस्था समय पर पूर्ण करने को कहा गया।

समारोह स्थल के पास विशेष सफाई

उपायुक्त ने पेयजल, अस्थाई और वीआईपी शौचालय, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, अग्निशमन, ट्रैफिक व पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई और सड़कों की मरम्मत को लेकर भी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी। नगर निगम रांची को समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों की विशेष सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

12 विभागों की झांकियां होगी शामिल

झांकियों और परेड की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण झारखंड सरकार की योजनाओं, नीतियों और राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपरा व ऐतिहासिक धरोहर को दर्शाती झांकियां होंगी। कुल 12 विभागों की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसके अलावा लगभग 15 प्लाटून और तीन बैंड द्वारा परेड का आयोजन किया जाएगा। परेड का अभ्यास 18 से 23 जनवरी तक चलेगा, जबकि 24 जनवरी को अंतिम रिहर्सल संपन्न होगी। उपायुक्त ने सभी विभागों को समयबद्ध तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया।

Related Articles