चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे जोन में चक्रधरपुर रेल मंडल के सागरा और गड़पोस रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक से महत्वपूर्ण फिशप्लेट गायब होने की सूचना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। किलोमीटर संख्या 459/5-7 से 459/23-25 के बीच 10 जनवरी को राजगांगपुर रेलवे स्टेशन के इंजीनियरिंग विभाग ने चक्रधरपुर में कंट्रोल रूम को लिखित सूचना दी कि इस रेलखंड से 18 जोड़ा (कुल 36) फिशप्लेट गायब हैं।
सूचना मिलते ही उसी दिन शनिवार को रेल प्रशासन हरकत में आया और दोपहर करीब 12 बजे राजगांगपुर की टीम ने मौके पर पहुंचकर पेट्रोलिंग शुरू की। जांच के दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में सभी फिशप्लेट पड़ी मिलीं, जिन्हें बरामद कर लिया गया। आरपीएफ ने फिशप्लेट को अपने कब्जे में लेकर इंजीनियरिंग विभाग को सौंपा, जिसके बाद इंजीनियरिंग विभाग ने जहां से प्लेट हटाई गई थीं, वहां उन्हें दोबारा स्थापित कर दिया।
इस घटना के बाद लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रेलखंड पर तेज गति से ट्रेनों का परिचालन होता है और यदि इस तरह रेल पटरी के अहम उपकरणों की चोरी या छेड़छाड़ होती रही तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। उल्लेखनीय है कि रविवार को ही डीआरएम ने सिग्नलिंग सिस्टम की चोरी को लेकर चिंता जताई थी और अब फिशप्लेट जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण रेल उपकरण के साथ हुई इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर इंजीनियरिंग विभाग की सतर्कता और निगरानी व्यवस्था पर भी लापरवाही के आरोप लग रहे हैं, वहीं सुरक्षित ट्रेन परिचालन को लेकर यात्रियों और आम लोगों की चिंता बढ़ गई है।
Read Also- RANCHI NEWS : लापता बच्चों की तलाश में जुटी सीआईडी, पता बताने वाले को 2 लाख का इनाम घोषित

