Home » Jamshedpur Crime: पोटका में तुड़ी मेला देखकर लौट रहे युवकों की बाइक खंभे से टकराई, एक की मौके पर मौत

Jamshedpur Crime: पोटका में तुड़ी मेला देखकर लौट रहे युवकों की बाइक खंभे से टकराई, एक की मौके पर मौत

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, घायलों को एमजीएम अस्पताल में कराया गया भर्ती

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड के कोवाली थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित बाइक लोहे के खंभे से टकरा गई। इस सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि, बाइक पर पीछे बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शनिवार रात की है। यह हादसा तब हुआ जब तीनों युवक तुड़ी मेला देखकर अपने गांव डुमरिया के बाकुलचंदा लौट रहे थे।

घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दो घायल युवकों को इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया है। यहां रविवार को उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि डुमरिया प्रखंड के बाकुलचंदा गांव के रहने वाले संजीत नायक, गेलाहूं और श्रीशांत बाइक पर सवार होकर पोटका इलाके में तुड़ी मेला देखने गए थे। मेला देखने के बाद तीनों एक ही बाइक पर लौट रहे थे।

तभी सड़क किनारे लोहे के नेम बोर्ड से बाइक टकरा गई। बताते हैं कि जब यह हादसा हुआ तो बाइक तेज रफ्तार में चल रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहा बाकुलचंदा गांव का रहने वाला संजीत नायक मौके पर ही‌ काल के गाल में समा गया। जबकि, पीछे बैठे गेलाहूं और श्रीशांत गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क पर गुजर रहे लोगों ने रुक कर घटना की सूचना कोवाली थाना पुलिस को दी। कोवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई की गई।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज पहुंचे। युवक की मौत पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर है। गौरतलब है कि जिला परिवहन विभाग की तरफ से लोगों को बार-बार आगाह किया जाता है कि वह तेज रफ्तार में गाड़ी ना चलाएं। गाड़ी ऐसे चलाएं कि वह बेकाबू ना हो सके और उसे किसी भी समय कंट्रोल किया जा सके। जीवन कीमती है। उसको इस तरह खत्म ना करें।

Related Articles