Jamshedpur : जुगसलाई थाना क्षेत्र के नया बाजार राम टेकरी रोड पर फिरंगी चौक के पास स्थित एक मकान में चोरों ने धावा बोलकर चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। यहां से चोर 25 लाख रुपए के गहने और नकदी पार कर ले गए हैं। इस मामले में मकान मालिक ने जुगसलाई थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।
एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज भी लगा है। इसमें चोर घर में चोरी करने के लिए जाते हुए दिख रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
चोरी की वह वारदात अमृतपाल सिंह के यहां हुई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके घर में शादी थी। इसलिए बहुत सारे मेहमान आए हुए थे। इसी बीच मंगलवार की देर रात लगभग 2:00 बजे अज्ञात चोर ने उनके घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इस मामले में सोने का 60 ग्राम का दो कड़ा, 30 ग्राम का दो पीस सोने की अंगूठी, 20 ग्राम की सोने की चेन, 5 ग्राम का सोने का लॉकेट, 40 ग्राम की कान की चार पीस बाली, डेढ़ सौ ग्राम की चांदी की 12 पीस चूड़ी, ₹10000 कीमत की दो घड़ी, और ₹30000 नकद पार किए हैं।
जमशेदपुर में बढ़ रहीं चोरी की घटनाएं
इन दिनों जमशेदपुर में चोरी की घटनाओं में इजाफा हो गया है। हालांकि पुलिस घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेज रही है। लेकिन, घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है।

