Dumka : दुमका के वीर कुंवर सिंह चौक के पास सदर आरक्षी निरीक्षक के बंद कार्यालय के पीछे एक महिला और उसकी बेटी की लाश मिली है। आशंका जताई जा रही है कि महिला से दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई और उसकी छह साल की बेटी को भी मार डाला गया।

दोनों के नाक और मुंह से खून निकला हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रत्यक्ष दर्शियों का मानना है कि महिला को किसी बहाने से घटनास्थल की तरफ ले जाया गया और वहां उनकी हत्या की गई है।
सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने दोनों के शव देखे। शव मिलने की सूचना जंगल में आग की तरह फैल गई। बताते हैं कि जिस महिला का शव मिला है, वह अर्ध विक्षिप्त थी और भीख मांग कर अपना गुजारा करती थी। कभी-कभी उसके साथ एक दिव्यांग व्यक्ति भी दिखता था। हालांकि महिला की पहचान नहीं हो पाई है। वह कौन थी, कहां से आई थी। इस बारे में किसी के पास जानकारी नहीं है।
बताते हैं कि महिला और बच्ची दोनों साथ रहते थे। इससे लोग आशंका जता रहे हैं कि दोनों मां बेटी हैं। घटना की जानकारी मिलने पर सदर एडीपीओ विजय महतो भी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी जगन्नाथ धान भी पहुंचे। शव की शिनाख्त करने की कोशिश की गई। लेकिन, पता नहीं चल पाया।
Read Also- Dumka Road Accident : दुमका सड़क हादसा : अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर

