Home » KU : कोल्हान नितिर तुरतुंग में आदिवासी लोक कथाओं पर बनी फिल्मों का हुआ प्रदर्शन

KU : कोल्हान नितिर तुरतुंग में आदिवासी लोक कथाओं पर बनी फिल्मों का हुआ प्रदर्शन

by Rajeshwar Pandey
कोल्हान नितिर तुरतुंग के चक्रधरपुर केंद्र में हुआ खास फिल्म प्रदर्शन
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर के टिकरचम्पी इलाके में बुधवार को कोल्हान नितिर तुरतुंग अध्ययन केंद्र एवं सगोम लाइब्रेरी में फिल्म का प्रदर्शन किया गया। टाटा स्टील के सहयोग से चल रहे “समुदाय के साथ” कार्यक्रम के तहत यहां विशेष फिल्म स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हो और मुंडा जनजातियों की पुरानी लोक कथाओं को आधार बनाकर बनाई गई फिल्में दिखाई गईं। एक फिल्म में धरती की उत्पत्ति और मानव जीवन की शुरुआत के बारे में बहुत ही सुंदर तरीके से बताया गया। साथ ही ‘रिदम ऑफ अर्थ’ नाम का गाना (कुड़ुख, हो, संथाल व मुण्डा भाषा में) भी दिखाया गया, जो प्रकृति के साथ इंसान के रिश्ते को दर्शाता है।

‘पपीता’ फिल्म देख खुश हुए छात्र

इसके अलावा संथाली भाषा में बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘पपीता’ (Papaya) और हो साहित्य की संस्कृति व महत्व को बताने वाली एक और डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। ये फिल्में आदिवासी समुदाय की परंपराओं, विश्वासों और जीवनशैली को बहुत ही सरल और प्रभावशाली ढंग से पेश करती हैं। स्क्रीनिंग के दौरान कोल्हान नितिर तुरतुंग की छात्र-छात्राओं ने फिल्म देखी। वे बीच-बीच में सवाल भी पूछ रहे थे और अपनी राय भी रख रहे थे। बच्चों का यह उत्साह देखकर सब बहुत खुश हुए।

समाज में जागरूकता बढ़ाती हैं फिल्में

कार्यक्रम में मौजूद कोल्हान नितिर तुरतुंग के अध्यक्ष माझीराम जामुदा ने टाटा स्टील को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि “समुदाय के साथ” ऐसे कार्यक्रम से हर समुदाय तक अच्छी बातें पहुंच रही हैं, यह बहुत सराहनीय है। महासचिव प्रेम सिंह डांगिल ने भी कहा कि ऐसी फिल्में देखने से समाज में जागरूकता बढ़ती है और अपनी संस्कृति के प्रति गर्व की भावना मजबूत होती है।

इस कार्यक्रम का संचालन रबिन्द्र गिलुवा ने किया। इस मौके पर कोल्हान नितिर तुरतुंग के अध्यक्ष माझीराम जामुदा, महासचिव प्रेम सिंह डांगिल, कार्यालय सचिव हेमन्त सामड, सदस्य रबिन्द्र गिलुवा और मदन बोदरा, टाटा स्टील की ओर से प्रवीन टुडू और अंजू गागराई, संस्थान के शिक्षक गौतम गागराई व सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।

Related Articles