RANCHI: रांची शहर में महिलाओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। रांची नगर निगम अब शहर के विभिन्न कम्युनिटी टॉयलेट में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाने की योजना पर काम कर रहा है। जिसका उद्देश्य पब्लिक प्लेस में महिलाओं को मेंस्ट्रुअल हाइजीन से जुड़ी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जिससे कि घर के बाहर दिनभर रहने पर भी उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।

6 टॉयलेट में लगी है मशीन
नगर निगम ने इस योजना के तहत शहर के करीब 30 स्थानों पर मशीनें इंस्टॉल करने का लक्ष्य रखा है। फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आधा दर्जन कम्युनिटी टॉयलेट में वेंडिंग मशीन लगाई जा चुकी है और इसके परिणामों की समीक्षा की जा रही है। ये सफल भी होता दिखाई दे रहा है। अब इसे पूरे शहर में लागू किया जाएगा। एक सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन की अनुमानित लागत करीब 40 हजार रुपये है। इसके अलावा, इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित डिस्पोजल के लिए कम्युनिटी टॉयलेट में डिस्पोजल मशीन भी लगाई जाएगी। इससे स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
10 रुपए में मशीन से मिलेगा पैड
नगर निगम की असिस्टेंट हेल्थ ऑफिसर डॉ किरण कुमारी ने कहा कि यह पहल खास तौर पर उन महिलाओं और किशोरियों के लिए राहत देने वाली साबित होगी, जिन्हें घर से बाहर होने पर संसाधन आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाते। कम्युनिटी टॉयलेट में मशीनें लगने से उन्हें कम लागत में सैनिटरी पैड प्राप्त करने की सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए महिलाओं को 10 रुपए खर्च करने होंगे। इससे महिलाओं के बीच जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
वहीं एक्सपर्ट्स की माने तो शहरी क्षेत्र में इस तरह की पहल महिलाओं की गरिमा और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिहाज से अहम कदम है। रांची जैसे तेजी से बढ़ते शहर में सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार महिलाओं की भागीदारी और सुरक्षा को मजबूत करने में योगदान देगा। नगर निगम की योजना के अनुसार मशीनों की नियमित देखरेख, रिफिल और रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। जिससे कि ये सुविधाएं सुचारु रूप से काम करती रहें। आने वाले समय में इस परियोजना का विस्तार होगा और ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को इसका फायदा मिलेगा।

