Ranchi : रांची में नगर निकाय चुनाव का प्रचार चरम पर है। इसी बीच रांची नगर निगम के वार्ड संख्या 18 से पार्षद प्रत्याशी सोमवित माजी के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए हैं। भाजपा ने राज्यसभा सांसद और झामुमो नेत्री महुआ माजी के पुत्र सोमवित माजी पर मतदाताओं को प्रलोभन देने का आरोप लगाते हुए राज्य निर्वाचन आयोग से शिकायत दर्ज कराई है।

मंगलवार को भाजपा नेता सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य निर्वाचन आयोग झारखंड के कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद को लिखित शिकायत सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।वीडियो क्लिप को बताया सबूतभाजपा का आरोप है कि एक सभा में, जहां सोमवित माजी की तस्वीर लगी हुई थी, वहां उनके समर्थन में मतदान करने पर प्रति वोट तीन हजार रुपये देने की घोषणा की गई।
इस कथित घोषणा का वीडियो सबूत के तौर पर पेन ड्राइव में आयोग को सौंपा गया है।सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि खुलेआम पैसे देने की घोषणा से वार्ड 18 के मतदाताओं में भय और आशंका का माहौल है। उन्होंने मांग की कि वार्ड 18 के प्रत्याशी सोमवित माजी और उक्त घोषणा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल में अनिल कुमार सिंह भी शामिल थे।राज्य निर्वाचन आयोग ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

