Jamshedpur : गोलमुरी थाना पुलिस ने बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर फौरन कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ छह अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी घटना की साजिश को नाकाम कर दिया। गिरफ्तार बदमाशों में कुख्यात जीशान समेत अन्य बदमाश शामिल हैं।पुलिस को सूचना मिली थी कि गोलमुरी क्षेत्र में एक मस्जिद के पास स्थित घर में कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के युवक इकट्ठा होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और बताए गए स्थान पर छापेमारी कर दी।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से छह युवकों को दबोच लिया। तलाशी ली गई तो उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए। इसके बाद सभी गिरफ्तार आरोपियों से सघन पूछताछ की गई। इसमें कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस का कहना है कि इन सूचनाओं के आधार पर आगे और भी गिरफ्तारी संभव है।
फिलहाल, पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है। यह कार्रवाई झारखंड में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनके नाम जीशान, नोमान, फैज, चांद आदि हैं। बताया जा रहा है कि जीशान हत्या के मामले में जेल गया था। अभी कुछ दिन पहले ही बाहर आया है। वह जुगसलाई के तड़ीपार बदमाश मनीष सिंह के गैंग का सदस्य बताया जाता है।

