जमशेदपुर : नगरपालिका चुनाव 2026 को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। 23 फरवरी को होने वाले मतदान के मद्देनज़र डीसी ऑफिस सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी और सामान्य प्रेक्षक की मौजूदगी में मतदान दलों का अंतिम रेंडमाइजेशन किया गया। यह पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कंप्यूटराइज्ड सिस्टम के जरिए पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।

रेंडमाइजेशन के बाद चाकुलिया नगर पंचायत के 18 मतदान केंद्रों, जुगसलाई नगर परिषद के 41 तथा मानगो नगर निगम के 190 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को बूथ आवंटित कर दिया गया। प्रत्येक बूथ के लिए पांच-पांच पोलिंग पार्टियां निर्धारित की गई हैं। इन मतदान दलों को रविवार को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
इमरजेंसी के लिए 32 रिजर्व मतदान दल भी गठित
इसके अलावा, आकस्मिक हालात से निपटने के लिए 32 अतिरिक्त पोलिंग पार्टियों का भी गठन किया गया है। इनमें चाकुलिया के लिए पांच, जुगसलाई के लिए आठ और मानगो के लिए 19 अतिरिक्त पोलिंग पार्टियां शामिल हैं।
बिना लालच व बेखौफ करें मतदान
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान सामग्री वितरण और प्रेषण की व्यवस्था पूरी तरह त्रुटिरहित और व्यवस्थित हो। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही मतदाताओं से अपील की गई कि वे बेखौफ होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। जिला प्रशासन के मुताबिक नगरपालिका चुनाव के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और प्रत्येक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।

