RANCHI: केंद्र सरकार द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत रांची नगर निगम ने शहर को उत्कृष्ट रैंक दिलाने के लिए विभिन्न उपायों पर काम शुरू कर दिया है। इस बार सर्वेक्षण का मुख्य फोकस विजिबल क्लीनलीनेस पर होगा, जिसमें 1500 अंक निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत सार्वजनिक स्थलों, सड़कों, पर्यटन स्थलों और प्रमुख क्षेत्रों की दृश्य स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशासक सुशांत गौरव ने इसे लेकर मंगलवार को समीक्षा बैठक की। जिसमें विजिबल क्लीनलीनेस के तहत किए जा रहे सफाई कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह सर्वेक्षण का सबसे महत्वपूर्ण घटक है और शहर की सकारात्मक छवि बनाने व राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रैंकिंग प्राप्त करने में सहायक होगा।
प्रशासक ने विशेष रूप से रेजिडेंशियल और कमर्शियल क्षेत्रों में सफाई की प्रक्रिया को सुनिश्चित करने, मुख्य मार्गों और बैक लेन्स की सफाई पर ध्यान केंद्रित करने, के साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में डस्टबिन लगाने पर बल दिया। इसके अलावा शहर भर में ड्रेन क्लीनिंग अभियान चलाने और वार्डों में स्वच्छता लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।
स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत रांची नगर निगम ने सभी स्कूलों में जागरूकता अभियान भी चलाया है। जिससे कि स्टूडेंट्स में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। स्कूलों में स्वच्छता संबंधी स्टैंडी लगाए गए है। इसके अलावा स्टूडेंट्स से संवाद स्थापित किया जा रहा है। रांची नगर निगम ने शहर के लोगों से अपील की है कि वे इस स्वच्छता अभियान में भाग लें और रांची को शीर्ष रैंक दिलाने में योगदान दें।

