जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित प्रोफेशनल कॉलेज में निर्माण के पांच वर्ष बाद अब शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होने जा रही हैं। इस संस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रोफेशनल स्टडीज के विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। यहां मास्टर इन बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए), इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन मैनेजमेंट (आईपीएम) और डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (डीसीए) जैसे महत्वपूर्ण कोर्स शुरू होंगे। इससे जमशेदपुर और कोल्हान क्षेत्र के युवाओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च स्तरीय प्रोफेशनल शिक्षा का अवसर मिलेगा।
राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अनुसार कॉलेज को पीपीपी मोड के बजाय इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडी के रूप में राज्य सरकार द्वारा संचालित किया जाएगा। एडमिशन प्रक्रिया शुरू करने से पहले कॉलेज भवन के नवीनीकरण पर लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
गौरतलब है कि वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सिदगोड़ा में प्रोफेशनल कॉलेज स्थापित करने का निर्णय लिया था। उसी वर्ष शिलान्यास के बाद रूसा फंड से तीन वर्षों में भवन बनकर 2020 में तैयार हुआ। इसका उद्देश्य कोल्हान क्षेत्र के छात्रों को स्थानीय औद्योगिक संस्थानों में रोजगार के लिए प्रशिक्षित करना था। हालांकि 2019 में सरकार बदलने के बाद योजना ठंडे बस्ते में चली गई थी, जिसे अब फिर से शुरू किया जा रहा है।
पूर्णिमा साहू के प्रश्नों के जवाब में विभग ने दिया जवाब
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने विधानसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से सवाल किया था कि तैयार भवन के बावजूद कॉलेज को शुरू करने में देरी क्यों हो रही है और इसे कब तक चालू किया जाएगा। इसके जवाब में सरकार ने स्पष्ट किया कि कॉलेज का संचालन राज्य सरकार स्वयं करेगी तथा इसे पीपीपी मोड में चलाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। इस संस्थान को ‘इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज’ के रूप में प्रारंभ किया जाएगा। हालांकि कोर्स में दाखिला लेने के लिए शिक्षक कहां से लाए जाएंगे यह नहीं बताया गया है लेकिन मिली जानकारी के अनुसार एडॉक पर शिक्षकों की नियुक्ति कर कॉलेज का संचालन उनके जरिए किया जाएगा।
26 करोड़ की लागत से बना है कॉलेज का भवन
इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडी का भवन लगभग पांच एकड़ क्षेत्र में 26 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया गया है। यह कॉलेज पूरी तरह से पीएम ऊषा फंड से बनकर तैयार हुआ है। संस्थान में आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक एकेडमिक ब्लॉक और एक प्रशासनिक ब्लॉक स्थापित किया गया है, जिससे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों का संचालन सुचारु रूप से हो सकेगा। इसके अलावा छात्रों के लिए 100 बेड का छात्रावास भी बनाया गया है। अत्याधुनिक संसाधनों से सुसज्जित यह संस्थान क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रोफेशनल शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रोफेशनल कॉलेज शुरू होने को कोल्हान क्षेत्र के युवाओं की बड़ी जीत है। सरकार को अब यहां अधिक से अधिक कौशल विकास पाठ्यक्रमों को शुरू कर युवाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए। कॉलेज से क्षेत्र का शैक्षणिक वातावरण मजबूत होगा और औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार होंगे।
-पूर्णिमा साहू, विधायक जमशेदपुर पूर्वी

