जमशेदपुर : झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक बोर्ड) की ओर से आयोजित होने वाली आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा 2 मार्च को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्था की है।पूर्वी सिंहभूम जिले में इस वर्ष करीब 24 हजार परीक्षार्थी आठवीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के संचालन के लिए जिले भर में कई परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां छात्रों के लिए मूलभूत सुविधाओं के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में वीक्षकों और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता न हो। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सभी केंद्रों पर प्रश्नपत्रों को सुरक्षित पहुंचाने और उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रहण की समुचित व्यवस्था की गई है।
कदाचार रोकने के लिए टीम का हुआ गठन
जैक बोर्ड की ओर से आयोजित परीक्षाओं को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू करने तथा अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया गया है। बोर्ड अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। छात्रों को समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
दो पाली में होगी परीक्षा
आठवीं बोर्ड परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 9.45 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें हिंदी, अंग्रेजी तथा अतिरिक्त भाषा विषय की परीक्षा ली जाएगी। वहीं दूसरी पाली दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी, जिसमें गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषय शामिल हैं। बोर्ड की ओर से जारी निर्देश के अनुसार परीक्षा ओएमआर शीट पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर सभी केंद्रों पर आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई है। छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई

