पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत रेहला थाना क्षेत्र के कधवन गांव के पास मंगलवार की शाम को सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें छह वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के गडेरियाडीह गांव निवासी लालचंद राम (34), उनकी पत्नी मिनी देवी (29) और दो वर्षीय पुत्री किट्टू कुमारी के रूप में हुई है। उनकी बड़ी पुत्री रानी कुमारी (6) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
बताया जाता है कि लालचंद राम गढ़वा स्थित महिंद्रा शोरूम में कार्यरत हैं और परिवार के साथ गढ़वा में किराए के मकान में रहते हैं। मंगलवार को सभी एक ही बाइक पर सवार होकर अपने पैतृक गांव गडेरियाडीह जा रहे थे। इसी दौरान कधवन गांव के पास एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे सभी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। इसके बाद परिजन सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) ले गए, जहां चिकित्सकों ने रानी कुमारी को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों घायलों का इलाज एमएमसीएच में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने पर रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुवा एमएमसीएच पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस उस ट्रक की तलाश में जुट गई है, जिससे यह दुर्घटना हुई।

