Home » Dhanbad News: चेन्नई में नेशनल यूथ फेस्टिवल के दौरान हुए हादसे में बीबीएमकेयू की दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल

Dhanbad News: चेन्नई में नेशनल यूथ फेस्टिवल के दौरान हुए हादसे में बीबीएमकेयू की दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल

दोनों छात्राएं परिसर में कुछ दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने के लिए बाहर निकली थीं। इसी दौरान स्टेज का लोहे का चैनल अचानक उनके ऊपर गिर गया,

by Vivek Sharma
चेन्नई में नेशनल यूथ फेस्टिवल के दौरान स्टेज का लोहे का हिस्सा गिरने से बीबीएमकेयू की दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में इलाज जारी।
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad : चेन्नई में आयोजित 39वें एआइयू इंटर यूनिवर्सिटी नेशनल यूथ फेस्टिवल के दौरान बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) की दो छात्राएं हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। कार्यक्रम स्थल पर बने स्टेज का लोहे का हिस्सा गिरने से यह दुर्घटना हुई। दोनों छात्राओं का इलाज चेन्नई के एक स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

घायल छात्राओं की पहचान प्रियाशा पाल और कुमुद कुमारी के रूप में हुई है। दोनों धनबाद के गुरुनानक कॉलेज की छात्राएं हैं और बीबीएमकेयू की दस सदस्यीय डांस टीम का हिस्सा थीं। हादसे में कुमुद कुमारी के कंधे और सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि प्रियाशा पाल की उंगली फ्रैक्चर हो गई है।

जानकारी के अनुसार चेन्नई के सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में 10 से 14 मार्च तक नेशनल यूथ फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को बीबीएमकेयू की टीम भी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए वहां पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि दोनों छात्राएं परिसर में कुछ दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने के लिए बाहर निकली थीं। इसी दौरान स्टेज का लोहे का चैनल अचानक उनके ऊपर गिर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत दोनों छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने कुमुद के कंधे में गंभीर चोट बताते हुए सर्जरी की सलाह दी है और प्लेट लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

बीबीएमकेयू की ओर से 27 सदस्यीय टीम आठ मार्च को चेन्नई के लिए रवाना हुई थी। टीम के साथ डीएसडब्ल्यू प्रतिनिधि और टीम मैनेजर के रूप में डॉ. उमागेश्वरी, डॉ. राजीव प्रधान, डॉ. जयगोपाल मंडल और जनार्दन प्रसाद भी गए हैं।

बीबीएमकेयू की डीएसडब्ल्यू डॉ. पुष्पा कुमारी ने बताया कि घायल छात्राओं का इलाज जारी है और सत्यभामा संस्थान ने उनकी देखभाल की जिम्मेदारी ली है। घटना को लेकर संस्थान को विश्वविद्यालय की ओर से पत्र भी भेजा जाएगा। परिजनों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।

गुरुनानक कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रंजना दास ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन लगातार छात्राओं और चिकित्सकों के संपर्क में है। कुमुद के कंधे में गंभीर चोट है और सर्जरी के बाद प्लेट लगाई जा रही है। जरूरत पड़ने पर छात्राओं के परिजनों को भी चेन्नई भेजा जाएगा।

READ ALSO: JHARKHAND NEWS: सीयूजे में राष्ट्रीय संगोष्ठी 11 मार्च से, झारखंड की पारंपरिक उपचार पद्धतियों पर होगा मंथन

Related Articles

Leave a Comment