Jamshedpur : कोल्हान विश्वविद्यालय ने विभिन्न कॉलेजों के 61 शिक्षकों को पदोन्नति प्रदान की है। विश्वविद्यालय प्रशासन से शुक्रवार को जारी अधिसूचना में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी), रांची की अनुशंसा और 26 फरवरी को आयोजित विश्वविद्यालय के सिंडिकेट की 90वीं बैठक में लिए गए निर्णय का उल्लेख किया गया है।
जारी अधिसूचना के अनुसार चयनित शिक्षकों को करियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस-2010) के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर (स्टेज-I) से असिस्टेंट प्रोफेसर (स्टेज-II) में पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति अनुशंसा की तिथि से प्रभावी होगी।
पदोन्नति पाने वाले शिक्षकों में सिंहभूम कॉलेज, चांडिल के गणित विभाग के अचिंत्य कुमार गोराई तथा उसी कॉलेज के वाणिज्य विभाग के डॉ. ज्योतिष कुमार सिंह शामिल हैं। इसके अलावा जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज, जमशेदपुर के डॉ. प्रभात कुमार सिंह (सांख्यिकी), डॉ. अनिल कुमार झा (वाणिज्य), डॉ. संजीव कुमार सिंह, डॉ. कृष्णा प्रसाद, अशोक कुमार रावानी और डॉ. रणविजय कुमार को भी पदोन्नति दी गई है। वहीं एलबीएसएम कॉलेज, जमशेदपुर के डॉ. विजय प्रकाश समेत अन्य शिक्षकों के नाम हैं।
विश्वविद्यालय के अनुसार इन सभी शिक्षकों को 15600–39100 रुपये के वेतनमान तथा 7000 रुपये एजीपी के अनुरूप लाभ मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि यह निर्णय शिक्षकों की सेवा, अनुभव और शैक्षणिक उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। पदोन्नति से संबंधित कॉलेजों में शैक्षणिक वातावरण को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

