Hazaribagh: हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर घाटो मोड़ के पास एक बेकाबू ट्रेलर ने एक ऑटो व बस को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे लगी दुकानों को रौंद डाला। इस सड़क हादसे में एक फल दुकानदार उदय सिंह की मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उदय सिंह का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इसके अलावा, इस सड़क हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने सड़क पर चल रहे एक ऑटो को पहले टक्कर मारी। इसके बाद ट्रेलर ने हजारीबाग की तरफ से आ रही सागर बस को भी अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेलर ने सागर बस को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बस के साथ ही ट्रेलर पास खड़े टाटा 407 वाहन से भी टकरा गया।इसके बाद यह ट्रेलर वहां मौजूद फल और पान की गुमटी को रौंदते हुए आगे निकल गया।
ट्रेलर के नीचे दब गए थे फल दुकानदार
फल विक्रेता उदय सिंह ट्रेलर के नीचे दब गए। फौरन स्थानीय लोगों ने उन्हें निकालने की कोशिश की। लेकिन जब तक उनको निकाला गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे में घायल सभी पांच लोगों को शेख भिखारी मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही चरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है। बस में जो यात्री सवार थे उन्हें उतार कर दूसरी बस का इंतजाम कर उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया है। चरही थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल ने बताया कि इस मामले में पुलिस ट्रेलर चालक के खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है।

