Palamu News : झारखंड के पलामू जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जंगल में एक बुजुर्ग व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना पांकी थाना क्षेत्र के माड़न पंचायत अंतर्गत केरकी गांव के जंगल की है।
मृतक की पहचान केरकी गांव निवासी राजदेव पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार को वह अपनी पत्नी के साथ जंगल में महुआ चुनने गए थे। दोनों अलग-अलग स्थानों पर महुआ इकट्ठा कर रहे थे, तभी अज्ञात अपराधियों ने राजदेव पासवान को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी मौके पर पहुंची, जहां उन्होंने पति को मृत अवस्था में पड़ा पाया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

