मेदिनीनगर। झारखंड के पलामू प्रमंडल में आंगनबाड़ी केंद्रों की खराब स्थिति को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने शहरी क्षेत्र के कई आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान हमीदगंज, न्यू एरिया और सिंगरा क्षेत्र के कई केंद्रों का जायजा लिया गया। इस दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। कई आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहचान के लिए बोर्ड तक नहीं लगे थे, जिसे आयुक्त ने लापरवाही करार देते हुए तुरंत ठीक करने का निर्देश दिया।
सबसे चिंताजनक बात यह रही कि बच्चों की उपस्थिति कम दिखी। इस पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्देश्य बच्चों के पोषण, शिक्षा और समग्र विकास को सुनिश्चित करना है, लेकिन कम उपस्थिति से यह लक्ष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सेविका और सहायिका को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र के घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करें और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।
कहा-बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने केंद्रों में नियमित सफाई, बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता और पोषण आहार की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, आयुक्त ने सेविका और सहायिका के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया, ताकि बच्चों और महिलाओं को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी ऐसी लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नीता चौहान समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। आयुक्त ने अधिकारियों को सभी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश दिया।
इस दौरान आयुक्त ने बच्चों से बातचीत की और उन्हें टॉफी व बिस्किट देकर प्रोत्साहित किया। वहीं, सिंगरा कला स्थित केंद्र में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति भी सामने आई, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार कर्मियों को चेतावनी दी।

