Jamshedpur : जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में होमगार्डों की गुंडागर्दी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को होमगार्डों ने एक मरीज के साथ बदसुलूकी की और मरीज की गाड़ी के ड्राइवर के साथ मारपीट की। इस मारपीट में ड्राइवर सुजीत कुमार का सिर फट गया है। उसके सिर में पांच टांके लगे हैं। जबकि, मरीज राहुल कुमार के साथ भी मारपीट की गई है।
दो होमगार्ड कर रहे थे मारपीट, एक कर रहा था बीचबचाव
राहुल कुमार ने बताया कि वह अपना इलाज कराने गाड़ी से एमजीएम अस्पताल गए थे। उनके ड्राइवर सुजीत कुमार ने गाड़ी खड़ी की और अंदर जाकर फर्श पर लेट गया। इस पर एक होमगार्ड ने सुजीत को पैर से मार कर उठा दिया। सुजीत ने होमगार्ड से कहा कि वह रात भर जागा है और उसे फर्श पर लेट कर थोड़ा आराम कर लेने दिया जाए। मगर, होमगार्ड उसे उठा कर ही माने। इसके बाद गाड़ी हटाने को कहा।
इसी बात को लेकर होमगार्डों की ड्राइवर से कहासुनी होने लगी। तभी वहां मरीज राहुल राय पहुंच गया। वह बीच-बचाव करने लगा। मगर, दो होमगार्डों ने ड्राइवर सुजीत कुमार पर मुक्कों की बरसात कर दी। उसे दीवार में टकरा दिया। इससे उसके सिर के पीछे चोट लग गई और खून बहने लगा। राहुल ने बताया कि दो होमगार्ड उसे पीट रहे थे। एक होमगार्ड बुजुर्ग था, वही बीचबचाव कर रहा था। मारपीट सुन कर आसपास के लोग वहां पहुंच गए और किसी तरह सुजीत को होमगार्डों के चंगुल से बचाया।
अब तक नहीं गिरफ्तार हो पाए आरोपी गार्ड
गौरतलब है कि मंगलवार को टीएमएच में गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्डों ने मानगो के रहने वाले एक युवक के साथ मारपीट की थी। युवक अपने एक मरीज को लेने के लिए बाइक लेकर टीएमएच में जाना चाहता था मगर, सिक्योर्टी गार्ड उन्हें नहीं जाने दे रहे थे। युवक का कहना था कि आप सभी को अंदर जाने दे रहे हैं तो हमें क्यों रोक रहे हैं। इस पर कहासुनी कर चार-पांच गार्डों ने मिल कर युवक को जमकर पीटा था। इस मामले में युवक ने बिष्टुपुर थाने में केस दर्ज कराया है मगर, अब तक आरोपी गार्ड गिरफ्तार नहीं हो पाए हैं।

