पलामू । पलामू पुलिस ने अपहरण के प्रयास मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी हत्या व रंगदारी जैसे मामलों में शामिल रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 को भट्टी मोहल्ला के पास सद्दाम कुरैशी और उसके साथियों ने आनंद कुमार रवि के अपहरण का प्रयास किया था। जब पीड़ित ने विरोध किया तो अपराधियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के संबंध में शहर थाना में कांड संख्या 116/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
विशेष छापेमारी टीम का गठन कर की गई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी काले रंग की स्कॉर्पियो (संख्या JH01 GJ 3950) से जिले से बाहर भागने की कोशिश में हैं। सूचना के आधार पर बिस्फुटा चौक स्थित रेलवे अंडरपास के पास चेकनाका लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
31 मार्च की रात करीब 10:45 बजे पुलिस ने संदिग्ध वाहन को घेराबंदी कर रोका और उसमें सवार सभी 8 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक 9mm पिस्टल, देसी कट्टा, कई कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
छापेमारी दल में शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के अलावा चन्द्रशेखर यादव, मंटु कुमार, राकेश कुमार सिंह, रोहित कुमार, अनिल पासवान, अंचन राम, इशरार अहमद,सूर्यनाथ सिंह, प्रफुल्ल सिंह, जयंत दुबे आदि थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण :
- सद्दाम कुरैशी, पिता- स्व० मासूक कुरैशी, निवासी- कसाई मोहल्ला
- छोटू चंद्रवंशी, पिता- गोपाल चंद्रवंशी, निवासी- भट्टी मोहल्ला
- सूरज चंद्रवंशी, पिता- स्व० बंसत चंद्रवंशी, निवासी- बेलवाठीका
- रितेश चंद्रवंशी (उर्फ मामा), पिता- दिलीप राम, निवासी- पनेरी गली, कुंड मोहल्ला
- वशीम अहमद (उर्फ बंटी कालिया), पिता- वकिल अहमद, निवासी- कसाई मोहल्ला, मुस्लिम नगर
- वशीम अकरम, पिता- गुलाम रब्बानी, निवासी- कर्बला रोड, पहाड़ी मोहल्ला
- रौशन चंद्रवंशी, पिता- लक्ष्मीनारायण राम, निवासी- भट्ठी मोहल्ला
- किशु गुप्ता, पिता- रौशन गुप्ता, निवासी- भट्ठी मोहल्ला
बरामदगी का विवरण:
- सद्दाम कुरैशी के पास से एक देसी– 9mm पिस्टल, मैगजीन में जिंदा गोली (9mm), एक रेडमी मोबाइल एवं काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन
- वशीम अकरम के पास से एक देशी कट्टा एवं 2 जिंदा गोली (8mm KF)
- रौशन चंद्रवंशी के पास से 3 जिंदा गोली (8mm KF)
- रितेश चंद्रवंशी उर्फ मामा के पास से 3 जिंदा गोली (9mm)
- वशीम अहमद उर्फ बंटी कालिया के पास से 3 जिंदा गोली (9mm), एक ब्लैकजोन मोबाइल एवं एक मोटोरोला मोबाइल
- सूरज चंद्रवंशी के पास से 2 जिंदा गोली (9mm) एवं एक मोटोरोला मोबाइल

