
RANCHI: रेलवे सुरक्षा बल रांची ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत सफलता हासिल की है। एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर 3 अप्रैल को रांची रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान आरपीएफ पोस्ट रांची और फ्लाइंग टीम ने संयुक्त रूप से ट्रेन संख्या 18624 एक्सप्रेस के कोच A-1 में एक संदिग्ध व्यक्ति को चिन्हित किया। संदिग्ध व्यक्ति सीट संख्या 31 पर काले रंग के ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग के साथ बैठा था।
पूछताछ में उसने अपना नाम राजेंद्र सिंह (72 वर्ष) बताया। वह दौलतपुर फतुहा पटना का रहने वाला था। तलाशी लेने पर उसके बैग से कुल 18 बोतल अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि यह शराब रांची के रातू क्षेत्र से खरीदी थी और ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाकर ऊंचे दाम पर बेचने की योजना बना रहा था। इसके बाद आरपीएफ ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और 4 अप्रैल को उसे जब्त शराब के साथ आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग रांची को सौंप दिया। कार्रवाई में उप निरीक्षक सूरज पांडेय, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार, डी. प्रसाद और आर.के. सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

