RANCHI: मंगलवार को श्री कृष्ण लोक प्रशासन संस्थान में जिला दिशा समिति की बैठक केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शहरी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई तथा पूर्व बैठक में उठाए गए विषयों की समीक्षा की गई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2026 तक रांची को इंदौर की तर्ज पर क्लीन रांची, स्वच्छ रांची बनाने की जरूरत है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के साथ समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया।
तैयार टंकी से शुरू करे पानी की सप्लाई
गर्मी को देखते हुए पानी की समस्या पर विशेष चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि शहर में कई पानी की टंकियां बनकर तैयार हैं, लेकिन उनमें जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द इन टंकियों से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को गर्मी में राहत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी हर घर नल से जल योजना में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने इसकी जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बरसात में जलजमाव की समस्या को लेकर भी उन्होंने संबंधित विभागों को पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए।

अधूरे निर्माण को पूरा करने का निर्देश
शहरी विकास के तहत अधूरे सड़क और नाली निर्माण कार्यों को पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि बार-बार की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। केतारी बगान में बन रहे 45 करोड़ की लागत वाले पुल के नवंबर तक पूरा होने की जानकारी दी गई। वहीं पावर हाउस के पास दो फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर रेलवे और राज्य सरकार के बीच समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
सदर में नवजातों का बनेगा आधार
सदर अस्पताल में नवजात बच्चों का तुरंत आधार कार्ड बनाने के लिए आधार केंद्र खोलने की बात भी बैठक में कही गई। वहीं स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए हर वार्ड में शिविर लगाकर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए। संजय सेठ ने बताया कि रांची नगर निगम द्वारा इस वर्ष 100 करोड़ रुपये का टैक्स संग्रह किया गया है, जो सराहनीय है। साथ ही पिस्का नगड़ी, नया सराय और अन्य फ्लाईओवर का काम अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में उन्होंने 14 से 15 वर्ष की बच्चियों के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु मुफ्त टीकाकरण अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद कालीचरण मुंडा, महुआ मांझी, मेयर रोशनी खलखो, विधायक नवीन जायसवाल, अमित महतो, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, नगर आयुक्त सुशांत गौरव, उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रीकांत और जिला के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

