
Koderma : कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र स्थित चंदवारा बाजार में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। टोटो चालक और बाइक सवार की कथित लापरवाही के कारण एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार डिवाइडर से टकराने के बाद हवा में उछल गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी चार लोग बाल-बाल बच गए।
बताया गया कि कार सवार लोग पटना जा रहे थे। इसी दौरान चंदवारा बाजार के पास अचानक सामने आए टोटो को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सीधे डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद टोटो चालक मौके से फरार हो गया।
यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि टक्कर के बाद कार हवा में उछलती हुई नजर आती है। दुर्घटना में कार को भारी नुकसान पहुंचा, लेकिन कार सवारों को गंभीर चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टोटो चालक सवारी बैठाने के बाद बिना आगे-पीछे का ट्रैफिक देखे अचानक चार लेन सड़क की ओर मुड़ गया। उसी समय तेज गति से आ रही कार के चालक ने टोटो को बचाने की कोशिश की, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि बिना ट्रैफिक देखे सड़क पर मुड़ना और लापरवाही से वाहन चलाना दूसरों की जान को जोखिम में डालने जैसा है। लोगों ने क्षेत्र में वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा उपायों की मांग भी की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सावधानी नहीं बरती गई तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।

