RANCHI: रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 9 अप्रैल को पुलिस को जानकारी मिली थी कि रेडियम रोड स्थित कुमार मार्केट गली में रहने वाला अनिल रजक (लगभग 42 वर्ष) कॉलेज छात्रों के बीच नशीली दवाएं बेच रहा है। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम गठित की गई।
टीम ने आरोपी के घर पर छापा मारकर तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने छात्रों को नशीली दवाएं बेचने की बात स्वीकार कर ली। बरामद सामान में 100 एमएल के ऑनरेक्स कफ सिरप की 19 बोतलें, नाइट्रोसम-10 की 75 टैबलेट, एक रियलमी 10C मोबाइल फोन और एक पीला झोला शामिल है। इस मामले में लालपुर थाना में NDPS एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

