चाईबासा : पक्षिम सिंहभूम जिले के गुवा में विस्थापितों के समर्थन में पहुंचीं सांसद जोबा मांझी का कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद गुवा रामनगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पीछे वर्कर्स सामुदायिक भवन में आयोजित सभा को उन्होंने संबोधित किया। सभा के दौरान नोवामुंड़ी प्रखंड के एक दर्जन से अधिक लोगों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर सांसद जोबा मांझी और झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने सभी नए सदस्यों का माला पहनाकर स्वागत किया। पार्टी में शामिल हुए लोगों ने झामुमो की नीतियों और स्थानीय मुद्दों पर पार्टी के संघर्ष से प्रभावित होकर जुड़ने की बात कही।
अपने संबोधन में सांसद जोबा मांझी ने कहा कि जनता के भरोसे से ही मैं संसद तक पहुंची हूं। क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान करना मेरी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मनोहरपुर सहित गुवा क्षेत्र की किसी भी समस्या के लिए लोग सीधे संपर्क कर सकते हैं।
आप मुझे फोन पर सूचना दें, मैं हर संभव त्वरित कार्रवाई कर समस्या का समाधान करने का प्रयास करूंगी। इस दौरान राहुल आदित्य, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, भादो टोप्पो, चांदमनी लागुरी, अभिषेक सिंकु, बुधराम लागुरी, दुर्गा देवगम, मोहम्मद तबारक, लागुड़ा देवगम, बामिया माझी सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में पार्टी नेताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा विस्थापितों के अधिकारों की लड़ाई को तेज करने का संकल्प लिया।

