रांची : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर के प्रमुख पर्यटन स्थल डिमना लेक तक पहुंच को बेहतर बनाने के लिए सड़क परियोजना पर काम तेज हो गया है। एनएच-33 से डिमना लेक तक जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण- मजबूतीकरण के लिए प्रारंभिक सर्वे, जांच और प्रोजेक्ट तैयारी को मंजूरी दी गई है। पथ निर्माण विभाग ने इस संबंध में इंजीनियरों को निर्देश देते हुए अविलंब सर्वे कार्य कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
इस योजना के तहत नेशनल हाईवे-33 से डिमना लेक तक सड़क का चौड़ीकरण व सुंदरीकरण किया जाएगा। आरवीएस स्कूल होते हुए सड़क का विस्तृत सर्वे किया जाएगा। वहीं, दूसरे हिस्से में एनएच-33 पावर सबस्टेशन से आईडीबीआई बैंक, डिमना रोड होते हुए मैदान के पास पीपल के पेड़ तक सर्वे होगा।
तीसरे चरण में मानगो चौक पेट्रोल पंप से वर्कर्स कॉलेज और चौथे चरण में मानगो पायल सिनेमा से रामकृष्णा कॉलोनी (ओल्ड टीओपी रोड) तक सड़क का निर्माण/ सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस पूरे कार्य में सर्वे पर करीब 3.58 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सर्वे के बाद सड़क के चौड़ीकरण, मजबूती और यातायात सुधार के लिए आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
क्यों है जरूरी
डिमना लेक जमशेदपुर का एक प्रमुख पर्यटन और पिकनिक स्पॉट है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। बेहतर सड़क बनने से न सिर्फ पर्यटकों को सुविधा होगी, बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी सुधरेगी।
स्थानीय लोगों को राहत
इस परियोजना के पूरा होने के बाद एनएच-33 से डिमना लेक तक का सफर ज्यादा आसान, सुरक्षित और तेज हो जाएगा, जिससे आसपास के इलाके के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। इसके बन जाने से पटमदा – बोड़ाम रोड पर हर दिन लगने वाले जाम से भी मुक्ति मिलेगी।
Read Also- Palamu Accident News : फ्लाईओवर से स्कूटी सहित गिरा किशोर, इलाज के दौरान MMCH में हो गई मौत

