RANCHI : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नगर विकास एवं आवास विभाग की योजनाओं का लाभ आमलोगों को समय पर मिले। साथ ही शहरों से गुजरने वाली सभी नदी, तालाब, डैम, नालियों अथवा अन्य जलस्रोतों पर बनी अवैध संरचनाओं और अन्य निर्माण कार्यों को तत्काल बंद कराने का आदेश दिया। वहीं पूर्व से बनीं अवैध संरचनाओं को हटाते हुए अतिक्रमण मुक्त कराने को कहा।
अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के विरुद्ध दर्ज होगी प्राथमिकी
सीएम ने कहा कि अतिक्रमण कर जो घर बनाएं गएं हैं, उनका तत्काल सर्वे कराएं। सभी शहरी निकायों में अवस्थित नदी अथवा अन्य जलस्रोतों में हुए अवैध निर्माण को चिन्हित करते हुए लिखित नोटिस करने, अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने और अतिक्रमण कर निर्मित अवैध संरचनाओं को ध्वस्त करने की कार्रवाई युद्ध स्तर पर कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदी किनारे और अन्य जलस्रोतों पर अतिक्रमण कर घर बनाना पर्यावरण और जल निकासी के लिए गंभीर खतरा है। मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध अतिक्रमण कर संरचना तैयार नहीं करें।

उन्होंने कहा कि नगर विकास विभाग का उद्देश्य सड़क निर्माण, आधारभूत संरचनाओं और भवनों का निर्माण के साथ-साथ आम जनता के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है। ऐसे में विकासात्मक योजनाओं के ससमय कार्यान्वयन पर विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी परियोजना, नगर निगम अंतर्गत आधारभूत संरचना, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, पेयजल आपूर्ति, यातायात प्रबंधन और कूड़ा निस्तारण को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची स्मार्ट सिटी परियोजना को गति देने हेतु भूमि अधिग्रहण कार्यों को प्राथमिकता दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी विकास की सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ राजस्व संग्रहण के संसाधनों पर विशेष कार्य करें। मुख्यमंत्री ने शहरी नागरिक परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करने का भी निर्देश दिया।
कांके डैम का किया जाएगा संरक्षण
मुख्यमंत्री ने कांके डैम के संरक्षण के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम का निर्देश दिया। उन्होंने डैम एरिया में सीधे गिरने वाले नालों को तत्काल बंद कराने, डैम के कैचमेंट एरिया की शीघ्र मापी के बाद उसकी घेराबंदी कराने का निर्देश दिया, ताकि डैम का पानी स्वच्छ बना रहे। लोगों से घरों से निकलने वाले गंदे पानी को डैम में नहीं डालने की अपील की। लोगों को घरों में पाइपलाईन के माध्यम से शुद्ध पानी उपलब्ध कराने को कहा।
परियोजनाओं में न हो देरी
उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण, नगर निकाय क्षेत्रों में साफ-सफाई/स्वच्छता, पेय जलापूर्ति और आवास योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश भी दिए। वहीं नगर निकाय क्षेत्रों में बरसात पूर्व जल जमाव की समस्या का स्थाई समाधान और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरूस्त रखने का निर्देश दिए। रांची सहित राज्य में जहां भी रिंग रोड है, उसके आसपास सोलर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा प्रणाली विकसित करें। साथ ही सोलर स्ट्रीट लाइट से रोशन करें। अगले 15 दिनों में सोलर पैनल और स्ट्रीट लाईट लगाए जाने संबंधित प्रस्ताव कैबिनेट से पारित कर कार्य को मूर्त रूप दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि रिंग रोड एरिया में वाटर पाइप लाइन, सीवर लाइन की भी संरचना विकसित की जाए। शहर में स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट, डिजिटल मॉनिटरिंग और आधुनिक शहरी नियोजन तकनीकों का उपयोग बढ़ाया जाए।
प्रत्येक घरों में कराएं ये व्यवस्था
प्रत्येक घर, बड़ी सोसाइटी, हाउसिंग क्षेत्र, बड़े होटल, अपार्टमेंट एवं पॉश इलाके में रहने वाले लोग स्वयं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वाटर वेस्ट मैनेजमेंट का कार्य करें। इस निमित्त कार्य योजना बनाते हुए लोगों को इस कार्य के लिए प्रेरित करें। इसके लिए लोगों को जागरूक कर जनभागीदारी बढ़ाने का निर्देश दिया ताकि भू-जलस्तर संरक्षित रहे और प्रदूषण में कमी आए। वर्तमान समय में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कचरे के पहाड़ों का निस्तारण शहरों के लिए चुनौती है। इस दौरान रांची के झिरी स्थित लीगेसी वेस्ट का निस्तारण हेतु विचार-विमर्श हुआ तथा आधुनिक तकनीक व उपायों के माध्यम से इसका समाधान निकालने पर जोर दिया गया। लोगों से भी गीले एवं सूखे कचरे की अलग-अलग सेग्रीगेट करने की अपील की है।
सड़क किनारे लगे पेड़ों की ट्रिमिंग करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के मौसम से पहले सड़क किनारे लगे पेड़ों की ट्रिमिंग कराकर सुंदर आकार दें। पेड़ों को ट्रिमिंग होने से विद्युत तार और सड़कों पर गिरने के खतरों से बचा जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से राज्य के राजमहल, साहिबगंज एवं धनबाद जिलों से जुड़कर वहां अवस्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर बातचीत की।

