Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदिवासी कॉलोनी दूंगरी में घरेलू विवाद से आहत होकर 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार देर रात की है। गुरुवार सुबह परिजनों को जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चाईबासा मुफस्सिल थाना अंतर्गत आदिवासी कॉलोनी टुंगरी निवासी 20 वर्ष साहिल मिंज की किसी बात को लेकर परिजनों से कहा सुनी हो गई थी।
परिजनों को सुबह हुई घटना की जानकारी
परिजनों ने उसे डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर साहिल रात में खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया। आधी रात को उसने कमरे में लगे पंखे में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो साहिल फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने परिजनों से की पूछताछ
इसके बाद मुफस्सिल थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की करेगी। पुलिस ने कमरे से दुपट्टा जब्त कर लिया है और परिजनों का बयान दर्ज किया है। युवक की मौत से कॉलोनी में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
दुकान में करता था काम
परिजनों ने बताया कि साहिल एक दुकान में काम करता था और घर की आर्थिक स्थिति में सहयोग करता था। बुधवार को घर में किसी बात पर उसे डांटा गया था। इसी से नाराज होकर उसने यह कदम उठा लिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि साहिल इतना बड़ा कदम उठा लेगा।
Read Also: West Singhbhum Crime: पति से विवाद के बाद पत्नी ने फांसी लगा कर दे दी जान, जांच में जुटी पुलिस

