खूंटी। आम सार्वजनिक स्थानों के अलावा शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थानों के आसपास भी आवारा कुत्तों का आतंक बरकरार है। उपायुक्त ने इससे निबटने के लिए अधिकारियों को कई निर्देश दिए हैं।
उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जिले के शैक्षणिक संस्थानों,चिकित्सालयों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य संस्थागत परिसरों को आवारा कुत्तों से मुक्त रखने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त आर रॉनिटा की अध्यक्षता में गुरुवार को बैठक हुई।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थान सहित सार्वजनिक स्थलों पर आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आमजनों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस दिशा में जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरशः पालन किया जाना अनिवार्य है।
एंटी-रेबीज वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश
उपायुक्त ने अस्पतालों में डॉग बाइट के मामलों को गंभीरता से लेते हुए एंटी-रेबीज वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पूर्व में हुए डॉग बाइट के मामलों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया।
बैठक में नगर पंचायत और पशुपालन विभाग को नियमित अभियान चलाकर स्ट्रे डॉग्स की पहचान, नियंत्रण और आवश्यक प्रबंधन की कार्रवाई करने को कहा गया। इसके साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, नगर पंचायत प्रतिनिधि, जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

